Dainik prahari live news

news and political

बस्ती में अवैध ई-टिकट कारोबार का खुलासा, युवक गिरफ्तार

दैनिक प्रहरी लाइव न्यूज़ 📰
बस्ती में अवैध ई-टिकट कारोबार का खुलासा, युवक गिरफ्तार
बस्ती। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने अवैध ई-टिकट कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी मोबाइल फोन के माध्यम से पेड़ के नीचे बैठकर रेलवे टिकट बनाता था और यात्रियों से प्रति टिकट 150 से 200 रुपये तक अतिरिक्त वसूली करता था।
जानकारी के अनुसार आरपीएफ को लखनऊ से एक संदिग्ध मोबाइल नंबर और यूजर आईडी की सूचना प्राप्त हुई थी। सत्यापन के बाद उप निरीक्षक लाल साहब सिंह के नेतृत्व में टीम ने मुंडेरवा थाना क्षेत्र के ओरावारा गांव के पास छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान बृजेश कुमार उर्फ दुर्गेश को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया, जो मोबाइल से ई-टिकट बनाते हुए पाया गया।
तलाशी में आरोपी के पास से 6 पर्सनल यूजर आईडी, 2 लाइव तथा 2 पुराने ई-टिकट बरामद किए गए। बरामद टिकटों की कुल कीमत 12,177 रुपये से अधिक बताई जा रही है।
आरपीएफ अधिकारियों के मुताबिक आरोपी किसी एजेंट आईडी या प्रतिबंधित सॉफ्टवेयर का इस्तेमाल नहीं कर रहा था, लेकिन निजी आईडी के जरिए टिकट बनाकर अवैध कमाई कर रहा था।
आरपीएफ ने आरोपी के खिलाफ रेल अधिनियम की धारा 143 के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस कार्रवाई में हेड कांस्टेबल बीरबल उरांव, कांस्टेबल मोहम्मद शमशाद मंसूरी, राजकुमार सिंह तथा सीआईबी गोरखपुर के एचसी धीरेंद्र प्रताप सिंह शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *