October 14, 2026
IMG-20261008-WA0010

संवाददाता – विवेक सिन्हा
वाराणसी, उत्तर प्रदेश।

वाराणसी। देश को क्षय रोग (टीबी) से मुक्त करने के संकल्प को नई ऊर्जा देने के लिए केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से ‘जोश’ (स्वास्थ्य के लिए संयुक्त दल) अभियान का राष्ट्रीय शुभारंभ किया गया। नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में आयोजित मुख्य समारोह में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने अभियान का शुभारंभ किया। इसका सीधा प्रसारण वाराणसी के मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय के सभागार में किया गया।

‘संपूर्ण सरकार, संपूर्ण समाज’ की भावना पर आधारित इस अभियान में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, युवा मामले एवं खेल मंत्रालय तथा रक्षा मंत्रालय संयुक्त रूप से कार्य करेंगे। अभियान के प्रथम चरण में देश के 11 राज्यों के 55 जिलों को शामिल किया गया है।

वाराणसी में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एनपी सिंह, जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. पीयूष राय, पंचायती राज विभाग के प्रतिनिधि, एनसीसी कमांडेंट सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

सीएमओ डॉ. एनपी सिंह ने कहा कि टीबी उन्मूलन की दिशा में ‘जोश’ टीम की शुरुआत एक महत्वपूर्ण पहल है। युवाओं की सक्रिय भागीदारी से अभियान को जमीनी स्तर तक पहुंचाने में मदद मिलेगी।

जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. पीयूष राय ने बताया कि अभियान का प्रमुख उद्देश्य युवाओं की भागीदारी के माध्यम से टीबी को लेकर समाज में व्याप्त भ्रम और भेदभाव को दूर करना है। साथ ही लोगों को बीमारी के लक्षण, जांच और उपचार के प्रति जागरूक किया जाएगा।

अभियान के तहत ‘जोश’ टीम में नोडल अधिकारी के नेतृत्व में पांच एनसीसी कैडेट और पांच माय भारत स्वयंसेवक शामिल होंगे। ये दल गांव, ब्लॉक और वार्ड स्तर पर पहुंचकर लोगों को टीबी के लक्षणों, निःशुल्क जांच और उपचार की जानकारी देंगे। इसका उद्देश्य टीबी मरीजों की समय पर पहचान कर उन्हें निःशुल्क उपचार तथा निक्षय पोषण योजना का लाभ दिलाना है।

See also  चोर और कबाड़ी गिरफ्तार, थर्मल पावर प्लांट से चोरी हुआ सामान बरामद

कार्यक्रम के दौरान 14 वर्ष से कम उम्र के बच्चों को बाल रोग विशेषज्ञ के परामर्श के अनुसार प्रोटीन पाउडर उपलब्ध कराया गया। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने टीबी मुक्त भारत बनाने की शपथ भी ली।

Author Profile

बलराम
बलराम

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *