हर्रैया (बस्ती)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर कथित अभद्र टिप्पणी का विरोध करने पर एक युवक के साथ मारपीट और जातिसूचक गालियां देने के आरोप में हर्रैया पुलिस ने चार नामजद आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है। वहीं, शांति भंग की आशंका के मद्देनजर तीन आरोपियों को निरोधात्मक कार्रवाई के तहत गिरफ्तार कर उपजिलाधिकारी (एसडीएम) न्यायालय में पेश किया गया।
थाना हर्रैया क्षेत्र के लबदहा गांव निवासी अजय कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 2 जुलाई की रात लगभग 8:30 बजे वह तिवारीगंज बाजार में घरेलू सामान खरीदने गए थे। उनके गले में भगवा गमछा पड़ा था। आरोप है कि इसी दौरान त्रिलोकपुर तिवारी निवासी रमजान, उसके पुत्र फैजान और सुल्तान, इरफान तथा अन्य लोगों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संबंध में कथित अभद्र टिप्पणी करते हुए उन्हें “योगी का दामाद” कहा। विरोध करने पर आरोपियों ने जातिसूचक गालियां देते हुए लाठी-डंडों से हमला कर दिया। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद पीड़ित किसी तरह वहां से निकलकर डायल-112 को सूचना दी।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर रमजान, फैजान, सुल्तान और इरफान के खिलाफ बीएनएस की धारा 115(2), 351(3), 352 तथा एससी/एसटी एक्ट की धारा 3(1)(द), 3(1)(ध) और 3(2)(va) के तहत मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
दूसरी ओर, हर्रैया पुलिस ने रमजान अली, फैजान अली और सुल्तान को बीएनएसएस की धारा 170/126/135 के तहत शांति भंग की आशंका में निरोधात्मक कार्रवाई करते हुए हिरासत में लिया और आवश्यक कार्रवाई के बाद उपजिलाधिकारी हर्रैया की अदालत में पेश किया।
थानाध्यक्ष संजय कुमार ने बताया कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। विवेचना एवं उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क है।
Author Profile

Latest entries
देशOctober 13, 2026पुलिस लाइन बस्ती में ग्राम प्रहरियों के सम्मान समारोह का हुआ सजीव प्रसारण, 325 से अधिक ग्राम चौकीदार रहे मौजूद
समाचारOctober 13, 2026समाजसेविका सुनीति सिंह बनीं जन प्रकृति सेवा ट्रस्ट महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष
समाचारOctober 12, 2026भारत सेवाश्रम संघ के शताब्दी वर्ष पर जंगमबाड़ी व्यापार मंडल ने पेश की सेवा की मिसाल।
समाचारOctober 12, 2026शारदीय नवरात्रि के दूसरे दिन की हार्दिक शुभकामनाएँ
