October 14, 2026
FB_IMG_1783431867100

हर्रैया पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अवैध खनन में लगी चार ट्रैक्टर-ट्रॉलियां सीज

संबंधित विभाग को भेजी गई रिपोर्ट, अवैध खनन के खिलाफ अभियान जारी

महराजगंज (बस्ती)- जनपद में अवैध खनन एवं अवैध परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत हर्रैया पुलिस ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध मिट्टी खनन एवं परिवहन में संलिप्त चार ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को सीज कर दिया। पुलिस ने मामले की रिपोर्ट संबंधित विभाग को अग्रिम विधिक कार्रवाई के लिए भेज दी है।

पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह के निर्देश पर जिले में अवैध खनन के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक श्याम कांत के मार्गदर्शन एवं क्षेत्राधिकारी हर्रैया सुश्री स्वर्णिमा सिंह के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार के नेतृत्व में थाना हर्रैया पुलिस द्वारा क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया।

अभियान के दौरान उपनिरीक्षक अशोक कुमार, हेड कांस्टेबल दीपराज तथा रिक्रूट कांस्टेबल विजेंद्र कुमार गौतम ने अवैध रूप से मिट्टी का खनन कर उसका परिवहन कर रही चार ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को पकड़ा। जांच में आवश्यक अभिलेख प्रस्तुत न किए जाने तथा अवैध खनन एवं परिवहन की पुष्टि होने पर सभी वाहनों को मौके पर ही सीज कर दिया गया।

पुलिस ने बताया कि अवैध मिट्टी खनन एवं परिवहन के संबंध में विस्तृत रिपोर्ट संबंधित विभाग को अग्रिम कार्रवाई के लिए प्रेषित की जा रही है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि पर्यावरण एवं सरकारी राजस्व को नुकसान पहुंचाने वाले अवैध खनन के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अवैध गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

See also  अर्जुनपुर में 30 से अधिक घरों में घुसा बाढ़ का पानी, टूटी नाव के सहारे निकल रहे ग्रामीण

Author Profile

बलराम
बलराम

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *