October 14, 2026
IMG-20260905-WA0037

न्यायालय में मामला विचाराधीन होने के बावजूद जमीन पर कब्जे का आरोप, महिला ने एसपी से लगाई कार्रवाई की गुहार

बस्ती। कप्तानगंज थाना क्षेत्र के ग्राम पचौड़ा बघौड़ा निवासी एक महिला ने पुलिस अधीक्षक बस्ती को प्रार्थना पत्र देकर पड़ोसियों पर विवादित जमीन पर जबरन कब्जा करने, घर में घुसकर मारपीट करने, तोड़फोड़ करने तथा जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है।

प्रार्थना पत्र के अनुसार, सिविल जज जूनियर डिवीजन बस्ती के न्यायालय में वाद संख्या 385/2025, राम भैया बनाम जगनरायन आदि विचाराधीन है। महिला का कहना है कि विवादित जमीन को लेकर न्यायालय में मामला चलने के बावजूद जगनरायन व उनकी पत्नी गायत्री देवी सहित अन्य लोगों ने 2 सितंबर 2026 को जमीन पर पहुंचकर कब्जा करने और नपाई कराने का प्रयास किया।

महिला के मुताबिक विरोध करने पर आरोपियों ने कथित तौर पर अभद्र भाषा का प्रयोग किया और अपने परिवार के अन्य सदस्यों को बुला लिया। आरोप है कि लाठी-डंडे लेकर पहुंचे लोगों ने घर का दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया तथा महिला और उसके परिजनों के साथ मारपीट की। इस दौरान महिला के सिर के बाल पकड़कर उसे पीटने का भी आरोप लगाया गया है।

प्रार्थना पत्र में यह भी आरोप लगाया गया है कि घटना के दौरान घर के सामान में तोड़फोड़ की गई, जिससे करीब 15 हजार रुपये का नुकसान हुआ। आरोपियों द्वारा पुलिस में शिकायत करने पर परिवार को जान से मारने की धमकी देने का भी उल्लेख किया गया है।

घटना की सूचना डायल-112 पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर संबंधित लोगों को पुलिस चौकी दुबौला एवं थाने ले जाने की बात प्रार्थना पत्र में कही गई है। महिला का आरोप है कि स्थानीय स्तर पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने के कारण उसने पुलिस अधीक्षक बस्ती से शिकायत की है।

See also  दैनिक प्रहरी लाइव न्यूज़ की ओर से आप सभी को शारदीय नवरात्रि की हार्दिक शुभकामनाएं

महिला ने पुलिस अधीक्षक से पूरे मामले की जांच कर जगनरायन, दयाशंकर, पूजा, आशा, गायत्री एवं अन्य नामजद लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है।

Author Profile

बलराम
बलराम

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *