बाइक से जाते समय घेरकर हमला करने का आरोप, गंभीर हालत में अस्पताल ले जाते समय हुई मौत; शव रखकर खलीलाबाद बाईपास जाम
संतकबीरनगर। खलीलाबाद कोतवाली क्षेत्र के भगठान गोसाईपुर गांव में मंगलवार शाम पुरानी रंजिश को लेकर 35 वर्षीय पहलवान ब्रह्मानंद यादव की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। परिजनों का आरोप है कि बाइक से जाते समय हमलावरों ने उनकी आंखों में मिर्च पाउडर झोंक दिया। इसके बाद बाइक से गिरते ही लाठी-डंडों और धारदार हथियार से हमला किया गया। गंभीर रूप से घायल ब्रह्मानंद को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मिर्च पाउडर डालकर हमला करने का आरोप
परिजनों के मुताबिक, ब्रह्मानंद यादव बाइक से गिठनी चोकर लेने जा रहे थे। घर से करीब 100 मीटर दूर पहुंचने पर कुछ लोगों ने उन्हें घेर लिया। आरोप है कि कहासुनी के दौरान उनकी आंखों में मिर्च पाउडर डाल दिया गया, जिससे वह असंतुलित होकर बाइक समेत सड़क पर गिर गए। इसके बाद आरोपियों ने उन पर लाठी-डंडों और अन्य हथियारों से हमला कर दिया।
सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और घायल ब्रह्मानंद को सीएचसी खलीलाबाद ले गए। हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में उनकी मौत हो गई।
चार लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा
पुलिस के अनुसार मामले में राकेश यादव, छबिराम, अजय और अभिमन्यु के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने कुछ आरोपियों को गिरफ्तार किए जाने की जानकारी दी है, जबकि अन्य की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगाई गई हैं।
एसपी संदीप कुमार के अनुसार घटना के बाद एसओजी, सर्विलांस और थाना पुलिस की कुल पांच टीमें आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए काम कर रही हैं।
पुरानी रंजिश का सामने आया मामला
पुलिस के मुताबिक दोनों पक्ष पट्टीदार हैं और प्रधानी सहित अन्य विवादों को लेकर उनके बीच पुरानी रंजिश चली आ रही थी। परिजनों के अनुसार इससे पहले भी दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था और दोनों ओर से मुकदमे दर्ज हुए थे।
परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि घटना से पहले हमलावरों के घात लगाकर बैठने की जानकारी पुलिस को दी गई थी, लेकिन समय रहते कार्रवाई नहीं हुई। हालांकि इस आरोप की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है।
गोली मारे जाने का भी आरोप, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
मृतक के भाई रामानंद यादव ने आरोप लगाया कि हमलावरों ने ब्रह्मानंद के पैर में गोली भी मारी थी। वहीं पुलिस का कहना है कि गोली लगने की बात की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।
हत्या के बाद बाईपास पर लगाया जाम
घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने ब्रह्मानंद का शव खलीलाबाद बाईपास पर रखकर जाम लगा दिया। सूचना पर एएसपी सुशील कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों द्वारा कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बाद परिजन शांत हुए और पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
राजनीतिक एवं सामाजिक लोगों ने जताई संवेदना
घटना की जानकारी के बाद जिला पंचायत अध्यक्ष बलिराम यादव, समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता जयराम पांडेय, सुबोध यादव सहित विभिन्न राजनीतिक एवं सामाजिक लोगों ने पोस्टमार्टम हाउस पहुंचकर एसपी संदीप मीना से वार्ता की और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई तथा गिरफ्तारी की मांग की। सभी ने मृतक के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।
जिला केसरी रह चुके थे ब्रह्मानंद
ब्रह्मानंद यादव पहलवानी में जिला केसरी रह चुके थे। वह चार भाइयों में सबसे छोटे थे। उनके बड़े भाई रमाकांत यादव ग्राम प्रधान हैं, जबकि श्रीकांत और रामानंद खेती करते हैं। वर्ष 2017 में उनकी शादी पूजा से हुई थी। उनके परिवार में छह वर्षीय बेटा अंश और चार वर्षीय बेटी जागृति हैं।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Author Profile

Latest entries
देशOctober 13, 2026पुलिस लाइन बस्ती में ग्राम प्रहरियों के सम्मान समारोह का हुआ सजीव प्रसारण, 325 से अधिक ग्राम चौकीदार रहे मौजूद
समाचारOctober 13, 2026समाजसेविका सुनीति सिंह बनीं जन प्रकृति सेवा ट्रस्ट महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष
समाचारOctober 12, 2026भारत सेवाश्रम संघ के शताब्दी वर्ष पर जंगमबाड़ी व्यापार मंडल ने पेश की सेवा की मिसाल।
समाचारOctober 12, 2026शारदीय नवरात्रि के दूसरे दिन की हार्दिक शुभकामनाएँ
