फाइनेंस ऐप का दुरुपयोग कर करते थे वसूली, सुल्तानपुर में रंगदारी गिरोह के दो सदस्य गिरफ्तार
सुल्तानपुर। अखंडनगर थाना पुलिस ने एक अंतरजनपदीय रंगदारी गिरोह का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह फाइनेंस कंपनी के ऐप का गलत इस्तेमाल कर वाहनों की लोकेशन ट्रैक करता था और बकाया किश्त का भय दिखाकर वाहन मालिकों से अवैध वसूली करता था।
पुलिस जांच में सामने आया कि गिरोह का मुख्य आरोपी पहले एक फाइनेंस कंपनी से जुड़ा हुआ था। उसने कंपनी के पुराने पासवर्ड का इस्तेमाल कर ‘Easy Recovery 2.0’ ऐप तक पहुंच बनाई और वाहनों की लाइव लोकेशन तथा किश्त संबंधी जानकारी हासिल कर अपने साथियों के साथ रंगदारी का खेल शुरू कर दिया।
मामले का खुलासा तब हुआ जब अंबेडकरनगर निवासी नीरज कुमार ने शिकायत दर्ज कराई कि उनकी गाड़ी के चालक से रास्ते में मारपीट कर 10 हजार रुपये की वसूली की गई। शिकायत के बाद सक्रिय हुई पुलिस ने मीरपुर प्रतापपुर गिमटिया फाटक के पास घेराबंदी कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आजमगढ़ निवासी आकाश सिंह और सुल्तानपुर निवासी सौरभ उर्फ गोलू गिरी के रूप में हुई है। उनके पास से रंगदारी के 2 हजार रुपये बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, गिरोह के दो अन्य सदस्य अभी फरार हैं, जिनकी तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि पूरे नेटवर्क की गहन जांच की जा रही है और जल्द ही अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
दैनिक प्रहरी लाइव न्यूज़
