October 14, 2026
Screenshot_20260621_082451_Gallery

शाहजहांपुर में दर्दनाक सड़क हादसा: ट्रक की टक्कर से दादा-पोते की मौत, बेटे को लेने जा रहे थे

शाहजहांपुर- जिले के खुदागंज थाना क्षेत्र में शनिवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में दादा और पोते की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, खुदागंज निवासी 52 वर्षीय बुधपाल अपने 5 वर्षीय पोते अर्णव को बाइक पर बैठाकर बीसलपुर रोड पर अपने बेटे सर्वेश को लेने जा रहे थे। सर्वेश रुद्रपुर में निजी नौकरी करते हैं और धान सीजन के चलते शनिवार को घर लौट रहे थे। वह खुदागंज के पक्का तालाब के पास खड़े होकर अपने पिता और बेटे का इंतजार कर रहे थे।
बताया जा रहा है कि सब्जी मंडी के पास पहुंचते ही उनकी बाइक को तेज रफ्तार वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में दादा और पोता सड़क पर गिर गए और वाहन के पहिए की चपेट में आ गए। दोनों की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वाहन ट्रैक्टर-ट्रॉली था, जबकि पुलिस ने प्रारंभिक जांच में ट्रक की टक्कर से हादसा होना बताया है।
घटना की सूचना मिलते ही सर्वेश करीब एक किलोमीटर दूर से दौड़ते हुए मौके पर पहुंचे। पिता और पुत्र के शव देखकर वह बेसुध हो गए। अर्णव की मां सुधा सहित अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। क्षेत्राधिकारी तिलहर इशिता सिंह ने बताया कि ट्रक की टक्कर से दादा और पोते की मौत हुई है। पुलिस फरार चालक की तलाश में जुटी है और मामले की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *