October 14, 2026
FB_IMG_1783003592639

बस्ती- जनपद बस्ती के थाना कप्तानगंज अंतर्गत दुबौला चौकी पर तैनात उपनिरीक्षक ओम प्रकाश पासवान के सेवानिवृत्त होने पर थाना परिसर में भावभीनी विदाई समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व थाना प्रभारी आलोक कुमार श्रीवास्तव ने किया, जिसमें थाने के सभी अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

विदाई समारोह में थाना प्रभारी आलोक कुमार श्रीवास्तव ने श्री पासवान के लंबे, अनुशासित एवं निष्पक्ष सेवाकाल की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने पूरे कार्यकाल में ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण के साथ पुलिस विभाग की सेवा की। उनके सौम्य व्यवहार और उत्कृष्ट कार्यशैली ने सहकर्मियों के बीच उन्हें विशेष सम्मान दिलाया। उन्होंने उनके स्वस्थ, सुखद एवं सफल सेवानिवृत्त जीवन की शुभकामनाएं भी दीं।

इस अवसर पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने श्री पासवान को माल्यार्पण कर स्मृति-चिह्न एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया। सभी ने उनके साथ बिताए कार्यकाल की यादें साझा करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य और सुखद जीवन की कामना की। समारोह के दौरान माहौल भावुक हो गया और कई कर्मचारियों की आंखें नम हो गईं।

समारोह का सबसे भावुक क्षण तब आया जब थाना प्रभारी आलोक कुमार श्रीवास्तव सहित थाने के अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सम्मान स्वरूप स्वयं श्री ओम प्रकाश पासवान की गाड़ी को धक्का देकर उन्हें थाने से विदा किया। इस आत्मीय और सम्मानजनक परंपरा ने उपस्थित सभी लोगों को भावुक कर दिया और समारोह को यादगार बना दिया।

कार्यक्रम के अंत में सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने श्री ओम प्रकाश पासवान के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं सुखमय पारिवारिक जीवन की कामना करते हुए उन्हें भावभीनी विदाई दी। यह समारोह पुलिस विभाग में आपसी सम्मान, आत्मीयता और सहयोग की भावना का प्रेरणादायक उदाहरण बनकर यादगार रहा।

See also  बस्ती: मिशन शक्ति टीम ने बहू-बेटी सम्मेलन एवं चौपाल के माध्यम से महिलाओं को किया जागरूक

Author Profile

बलराम
बलराम

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *