October 15, 2026
IMG-20260729-WA0097

गुरु पूर्णिमा पर कबीर साहेब सत्संग मिशन में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब

सद्गुरु कबीर साहेब सत्संग मिशन (एकनामी) परिसर, ग्राम घूरीपुर, पोस्ट उदयपुर, सारनाथ में बुधवार को गुरु पूर्णिमा महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर पूर्वांचल सहित उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, झारखंड, छत्तीसगढ़, राजस्थान और दिल्ली समेत देश के विभिन्न राज्यों से हजारों कबीरपंथी श्रद्धालु एवं संत-महात्मा आश्रम पहुंचे। प्रातःकाल से ही आश्रम परिसर श्रद्धालुओं की भीड़ और “सद्गुरु कबीर साहेब की जय” के जयघोष से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने गुरु चरणों में पुष्प अर्पित कर आशीर्वाद प्राप्त किया तथा मानव जीवन में सद्गुरु की महत्ता का स्मरण किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कबीर साहेब सत्संग मिशन के अध्यक्ष सुनील साहेब एवं गुरुमाता ने कहा कि गुरु ही वह दिव्य शक्ति हैं, जो अज्ञान रूपी अंधकार को दूर कर ज्ञान का प्रकाश फैलाते हैं। उन्होंने कहा कि कबीर साहेब ने सदैव सत्य, प्रेम, समरसता, मानवता और आत्मबोध का संदेश दिया है। यदि मनुष्य सद्गुरु के बताए मार्ग पर चले तो उसका जीवन सफल और सार्थक बन सकता है। महोत्सव के दौरान संत-महात्माओं ने कबीर साहेब के दोहे, साखियाँ, रमैनियाँ तथा निर्गुण भजनों का भावपूर्ण गायन प्रस्तुत किया, जिससे पूरा वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा और भक्ति से सराबोर हो गया। आश्रम में बाहर से आए संतों एवं श्रद्धालुओं के लिए विशाल भंडारे का आयोजन भी किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर कबीर साहेब का आशीर्वाद प्राप्त किया। कार्यक्रम के समापन पर अध्यक्ष सुनील साहेब ने सभी संत-महात्माओं, श्रद्धालुओं एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कबीर साहेब की शिक्षाओं को जीवन में आत्मसात करने तथा समाज में प्रेम, शांति, सद्भाव और सेवा का संदेश प्रसारित करने का आह्वान किया।

See also  शांति भंग की आशंका में चार गिरफ्तार, एसडीएम न्यायालय भेजे गए

Author Profile

बलराम
बलराम

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *