श्रावण मास व कांवड़ यात्रा को लेकर कप्तानगंज में पीस कमेटी की बैठक
एसडीएम, सीओ व थानाध्यक्ष ने सुरक्षा तैयारियों का लिया जायजा, अफवाहों से सतर्क रहने की अपील
कप्तानगंज (बस्ती)- आगामी श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से बुधवार को थाना कप्तानगंज परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में उपजिलाधिकारी हर्रैया उमाकांत तिवारी, क्षेत्राधिकारी कलवारी प्रदीप कुमार त्रिपाठी तथा थानाध्यक्ष आलोक कुमार श्रीवास्तव ने क्षेत्र के संभ्रांत नागरिकों,जनप्रतिनिधियों, धर्मगुरुओं एवं पत्रकारों के साथ कानून- व्यवस्था और सुरक्षा संबंधी तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में अधिकारियों ने सभी समुदायों के लोगों से आपसी भाईचारा एवं सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि, अफवाह या शांति व्यवस्था को प्रभावित करने वाली सूचना मिलने पर तत्काल स्थानीय पुलिस को अवगत कराएं। सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली भ्रामक एवं अपुष्ट सूचनाओं से सावधान रहने तथा बिना सत्यापन किसी भी संदेश को आगे साझा न करने की सलाह भी दी गई उपजिलाधिकारी उमाकांत तिवारी ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम आवागमन प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया गया है। वहीं क्षेत्राधिकारी प्रदीप कुमार त्रिपाठी ने लोगों से पुलिस प्रशासन का सहयोग करने और किसी भी समस्या की तत्काल जानकारी देने का आग्रह किया। बैठक के उपरांत थानाध्यक्ष आलोक कुमार श्रीवास्तव ने पुलिस टीम के साथ कांवड़ मार्ग का व्यापक स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मार्ग पर स्थित पेट्रोल पंप, गैस एजेंसियां, होटल-ढाबे, पार्किंग स्थल, बैरियर, विद्यालयों में प्रस्तावित ठहराव स्थल, होल्डिंग एरिया,मंदिर-मस्जिद सहित अन्य धार्मिक स्थलों, शराब एवं मांस-मछली की दुकानों, अवैध कट, सीसीटीवी कैमरों, डायवर्जन व्यवस्था, पुलिस बल के ठहराव स्थलों तथा असुरक्षित ट्रांसफार्मरों एवं हाईटेंशन लाइनों का भौतिक सत्यापन किया गया। निरीक्षण के दौरान जहां भी व्यवस्थागत कमियां मिलीं, वहां संबंधित अधिकारियों एवं जिम्मेदार व्यक्तियों को आवश्यक दिशा -निर्देश देकर समयबद्ध तरीके से उनका निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा, यातायात, स्वच्छता और श्रद्धालुओं की सुविधाओं से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। बैठक एवं निरीक्षण के दौरान थाना कप्तानगंज के पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी, क्षेत्र के ग्राम प्रधान, चौकीदार, विभिन्न समुदायों के सम्मानित नागरिक, जनप्रतिनिधि तथा पत्रकार बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
Author Profile

Latest entries
देशOctober 13, 2026पुलिस लाइन बस्ती में ग्राम प्रहरियों के सम्मान समारोह का हुआ सजीव प्रसारण, 325 से अधिक ग्राम चौकीदार रहे मौजूद
समाचारOctober 13, 2026समाजसेविका सुनीति सिंह बनीं जन प्रकृति सेवा ट्रस्ट महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष
समाचारOctober 12, 2026भारत सेवाश्रम संघ के शताब्दी वर्ष पर जंगमबाड़ी व्यापार मंडल ने पेश की सेवा की मिसाल।
समाचारOctober 12, 2026शारदीय नवरात्रि के दूसरे दिन की हार्दिक शुभकामनाएँ
