बस्ती- 30 मीटर सड़क बनी ग्रामीणों की बड़ी समस्या, जलभराव से राहगीरों का निकलना हुआ दूभर
ब्यूरो रिपोर्ट
कप्तानगंज – विकासखंड कप्तानगंज अंतर्गत ग्राम पंचायत मरवटिया तिवारी के ग्राम खोभा तथा ग्राम पंचायत थूहा की सरहद के बीच स्थित मुख्य संपर्क मार्ग पर लगभग 30 मीटर सड़क लंबे समय से बदहाल पड़ी है। सड़क पर गहरे गड्ढे और बारिश के कारण जलभराव होने से राहगीरों का आवागमन अत्यंत कठिन हो गया है।
यह मार्ग खोभा पुलिया से रमापति जोत की पक्की सड़क को जोड़ता है और इसी रास्ते से प्रतिदिन सैकड़ों ग्रामीण, स्कूली बच्चे तथा अन्य राहगीर आवागमन करते हैं। बरसात के दिनों में सड़क पूरी तरह कीचड़ और पानी से भर जाती है, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। कई बार लोग फिसलकर चोटिल भी हो जाते हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि यह मार्ग खोभा पंचायत भवन तक पहुंचने वाला प्रमुख रास्ता है। इसके बावजूद अब तक सड़क निर्माण की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। ग्रामीणों का आरोप है कि संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी भी इसी मार्ग से गुजरते हैं, लेकिन समस्या की ओर ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, इस संबंध में ग्राम प्रधान अजय कुमार गुप्ता एवं हीरालाल निषाद से कई बार सड़क निर्माण कराने की मांग की गई, लेकिन आज तक कोई समाधान नहीं निकल सका। ग्रामीणों का कहना है कि केवल 30 मीटर सड़क बन जाने से वर्षों पुरानी समस्या समाप्त हो सकती है और हजारों लोगों को राहत मिलेगी।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और संबंधित विभाग से तत्काल सड़क का निर्माण कराए जाने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो वे उच्च अधिकारियों से शिकायत कर आंदोलन करने को विवश होंगे।
Author Profile

Latest entries
देशOctober 13, 2026पुलिस लाइन बस्ती में ग्राम प्रहरियों के सम्मान समारोह का हुआ सजीव प्रसारण, 325 से अधिक ग्राम चौकीदार रहे मौजूद
समाचारOctober 13, 2026समाजसेविका सुनीति सिंह बनीं जन प्रकृति सेवा ट्रस्ट महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष
समाचारOctober 12, 2026भारत सेवाश्रम संघ के शताब्दी वर्ष पर जंगमबाड़ी व्यापार मंडल ने पेश की सेवा की मिसाल।
समाचारOctober 12, 2026शारदीय नवरात्रि के दूसरे दिन की हार्दिक शुभकामनाएँ
