October 14, 2026
FB_IMG_1782460875334

दूल्हा हत्याकांड: धरने पर बैठीं सौम्या ने मुख्यमंत्री से मांगी माफी, बोलीं— ‘हमें सिर्फ इंसाफ चाहिए’

जौनपुर– चर्चित दूल्हा हत्याकांड में न्याय की मांग को लेकर कलेक्ट्रेट परिसर में धरने पर बैठीं सौम्या ने कहा कि जब तक उनके भाई को न्याय नहीं मिलेगा, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर वह अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल करेंगी और जरूरत पड़ी तो दिल्ली तक जाकर भी न्याय की लड़ाई लड़ेंगी।
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर सौम्या ने कहा कि सरकार बड़े स्तर पर योग दिवस के कार्यक्रम आयोजित कर रही है, लेकिन गरीबों की समस्याओं और न्याय की मांग पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जा रहा। उनके अनुसार आम लोगों के लिए सबसे बड़ा “योग” न्याय और सुरक्षा है।
आरोपी भोले राजभर की गिरफ्तारी पर इलाहाबाद हाईकोर्ट द्वारा 60 दिनों की रोक लगाए जाने के संबंध में उन्होंने कहा कि उन्हें न्यायपालिका पर पूरा भरोसा है, लेकिन दोषियों को किसी भी कीमत पर बचाया नहीं जाना चाहिए और उनके भाई को न्याय मिलना चाहिए।
मुख्यमंत्री एवं अन्य जनप्रतिनिधियों के खिलाफ पहले दिए गए विवादित बयान पर सौम्या ने खेद व्यक्त करते हुए कहा कि यदि उनकी बातों से किसी की भावनाएं आहत हुई हैं तो वह पूरे दिल से माफी मांगती हैं। उन्होंने कहा, “मैं एक बेटी होने के नाते क्षमा चाहती हूं, लेकिन मेरे भाई को न्याय जरूर मिलना चाहिए।”
धरने के दौरान सुरक्षा को लेकर चिंता जताते हुए सौम्या ने कहा कि आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं, इसलिए वह अपने परिवार के साथ कलेक्ट्रेट परिसर में ही स्वयं को सुरक्षित महसूस करती हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि न्याय मिलने तक धरना समाप्त नहीं होगा।
राजनीतिक समर्थन के सवाल पर उन्होंने कहा कि उन्हें किसी राजनीतिक दल का संरक्षण प्राप्त नहीं है। विभिन्न दलों और सामाजिक संगठनों के लोग केवल मानवीय आधार पर उनका समर्थन करने पहुंच रहे हैं।
वायरल वीडियो में उनके भाई पर हथियार लहराने और फायरिंग करने के आरोपों पर प्रतिक्रिया देने से उन्होंने इनकार करते हुए कहा कि उन्हें इस संबंध में कोई जानकारी नहीं है। उनका दावा है कि उनके भाई ने किसी की हत्या नहीं की और उन्हें निष्पक्ष न्याय मिलना चाहिए।
सौम्या ने अंत में कहा कि उन्हें प्रशासन और न्यायपालिका दोनों पर विश्वास है तथा निष्पक्ष जांच और सुनवाई से उन्हें न्याय मिलने की पूरी उम्मीद है। उनका परिवार लगातार आठवें दिन भी कलेक्ट्रेट परिसर में धरने पर डटा हुआ है।

See also  बस्ती से बड़ी खबर: दुबौला-गोड़सरा मार्ग पर मृत नीलगाय को वन विभाग ने हटवाकर कराया दफन

Author Profile

बलराम
बलराम

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *