October 14, 2026
FB_IMG_1783585411710

दैनिक प्रहरी लाइव न्यूज़
बस्ती – देश के वीर सपूत अमर शहीद स्वर्गीय नरेंद्र कुमार यादव के बलिदान को नमन करते हुए समाजसेवी मनीष (मनीष मिश्रा) उनके पैतृक गांव अहरा, मुंडेरवा पहुंचे। उन्होंने शहीद के परिजनों से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की, श्रद्धांजलि अर्पित की तथा हर परिस्थिति में परिवार के साथ खड़े रहने का भरोसा दिलाया।
मनीष ने कहा कि मातृभूमि की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर जवान कभी नहीं मरते, बल्कि वे देशवासियों के दिलों में सदैव अमर रहते हैं। उन्होंने कहा कि शहीदों के बलिदान का सम्मान केवल श्रद्धांजलि देकर नहीं, बल्कि उनके परिवारों के सम्मान, सुरक्षा और सहयोग का दायित्व निभाकर किया जा सकता है।
इस दौरान उन्होंने शहीद परिवार को ₹50,000 की आर्थिक सहायता प्रदान की। साथ ही अपनी संस्था “पहल” के माध्यम से परिवार के एक सदस्य को रोजगार उपलब्ध कराने का संकल्प लिया, ताकि परिवार आत्मनिर्भर बन सके और भविष्य सुरक्षित हो।
मनीष ने शहीद परिवार के लिए पक्का मकान बनवाने की भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि यह केवल एक घर नहीं, बल्कि ऐसा स्मारक होगा जिसकी हर ईंट वीर नरेंद्र कुमार यादव के अदम्य साहस, राष्ट्रभक्ति और सर्वोच्च बलिदान की गाथा सुनाएगी तथा आने वाली पीढ़ियों को देशभक्ति की प्रेरणा देगी।
उन्होंने कहा, “यह कोई एहसान नहीं, बल्कि उस तिरंगे का सम्मान है जिसके लिए हमारे वीर जवान अपना सर्वस्व न्योछावर कर देते हैं। ईश्वर से मेरी प्रार्थना है कि मुझे इतना सामर्थ्य दें कि मैं अपने सभी संकल्प पूरे कर सकूं। यही अमर शहीद के प्रति मेरी सच्ची श्रद्धांजलि होगी।”
उन्होंने भरोसा दिलाया कि यह सहयोग केवल एक बार की सहायता नहीं है, बल्कि भविष्य में भी शहीद परिवार की हरसंभव मदद की जाएगी और उन्हें किसी भी परिस्थिति में अकेला नहीं छोड़ा जाएगा।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने अमर शहीद स्वर्गीय नरेंद्र कुमार यादव को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके बलिदान को नमन किया। सभी ने एक स्वर में कहा कि देश अपने वीर सपूतों का सदैव ऋणी रहेगा और प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है कि वह शहीदों के परिवारों के सम्मान और सहयोग के लिए आगे आए।

See also  बस्ती में आठ पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों को भावुक विदाई, प्रशस्ति पत्र व उपहार देकर किया सम्मानित

Author Profile

बलराम
बलराम

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *