October 15, 2026
FB_IMG_1785461739925

जौनपुर: दूल्हा आजाद बिंद हत्याकांड के मुख्य आरोपी के कथित अवैध निर्माण पर चला बुलडोजर

जौनपुर। बहुचर्चित दूल्हा आजाद बिंद हत्याकांड में जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी भोला राजभर के सरकारी भूमि पर बने कथित अवैध निर्माण को ध्वस्त करा दिया। यह कार्रवाई शाहगंज तहसील क्षेत्र के लपरी गांव में राजस्व एवं पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम द्वारा भारी पुलिस बल की मौजूदगी में की गई।

प्रशासन के अनुसार, उत्तर प्रदेश राजस्व संहिता, 2006 की धारा 67 के तहत पारित आदेश के अनुपालन में तहसीलदार शाहगंज की उपस्थिति में गाटा संख्या 841 की लगभग 0.036 हेक्टेयर ऊसर भूमि पर बने कथित अवैध पक्के मकान एवं बाउंड्रीवाल को बुलडोजर से हटाया गया।

राजस्व विभाग का कहना है कि संबंधित भूमि पर पिछले लगभग पांच वर्षों से अवैध कब्जा कर निर्माण किया गया था। न्यायालय के आदेश के अनुसार संबंधित पक्ष को बेदखल करने के साथ 39,600 रुपये क्षतिपूर्ति तथा 10 रुपये निष्पादन व्यय जमा कराने के भी निर्देश दिए गए हैं।

कार्रवाई के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए मौके पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा।

हत्याकांड की वर्तमान स्थिति

  • 1 मई को हुई घटना के बाद पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है।
  • पुलिस के अनुसार, मामले के आरोपी रवि यादव की पुलिस मुठभेड़ में मृत्यु हो चुकी है।
  • वहीं भोला राजभर एवं प्रदीप बिंद ने जौनपुर सेशन कोर्ट में आत्मसमर्पण किया था और वर्तमान में न्यायिक अभिरक्षा में हैं।

प्रशासन का कहना है कि सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा करने वालों तथा कानून-व्यवस्था भंग करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

See also  सुरक्षित काँवड़ यात्रा को लेकर पुलिस महानिदेशक ने मुजफ्फरनगर में किया स्थलीय निरीक्षण, तैयारियों की समीक्षा

अस्वीकरण (Disclaimer): यह मामला माननीय न्यायालय में विचाराधीन (Sub Judice) है। इस समाचार में दी गई जानकारी प्रशासनिक पक्ष एवं उपलब्ध आधिकारिक सूचनाओं पर आधारित है। किसी भी आरोपी को न्यायालय द्वारा दोषी सिद्ध किए जाने तक कानून की दृष्टि में निर्दोष माना जाता है। अंतिम निर्णय माननीय न्यायालय के आदेश के अधीन होगा।

Author Profile

बलराम
बलराम

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *