October 15, 2026
IMG-20260530-WA0153

मनीष सिंह हत्याकांड: परिजनों से मिले DM-CP, आरोपियों पर सख्त कार्रवाई के संकेत से मचा हड़कंप
वाराणसी में चर्चित मनीष सिंह हत्याकांड को लेकर प्रशासन पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा है। मामले को लेकर बढ़ते जनाक्रोश और विभिन्न संगठनों के विरोध प्रदर्शन की संभावना के बीच शुक्रवार को जिला मुख्यालय और कचहरी परिसर को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर पैरामिलिट्री फोर्स सहित भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया।
इस बीच मृतक मनीष सिंह की पत्नी एवं परिजनों ने पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल, डीसीपी गोमती जोन नीतू कादयान तथा जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार से मुलाकात कर न्याय की मांग की। अधिकारियों ने परिजनों को भरोसा दिलाया कि मामले में शामिल आरोपियों के खिलाफ कानून के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी।
सूत्रों के अनुसार प्रशासन द्वारा आरोपियों की संपत्तियों की जांच कराई जा रही है और अवैध निर्माण पाए जाने पर बुलडोजर कार्रवाई की तैयारी की चर्चा तेज हो गई है। वहीं राजस्व विभाग द्वारा कुछ आरोपियों के घरों पर नोटिस चस्पा किए जाने की भी जानकारी सामने आ रही है।
दूसरी ओर, करनी सेना द्वारा संभावित विरोध प्रदर्शन की आशंका को देखते हुए प्रशासन अलर्ट मोड पर है। दिनभर कई नेताओं को नजरबंद किए जाने की चर्चाएं चलती रहीं। हालांकि पुलिस अधिकारियों ने ऐसी किसी आधिकारिक कार्रवाई की पुष्टि नहीं की है।
कचहरी परिसर में भारी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी चर्चाओं का बाजार गर्म रहा। इस पर पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कचहरी क्षेत्र संवेदनशील होने के कारण वहां नियमित रूप से अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किया जाता है और इसका हत्याकांड से सीधे तौर पर कोई संबंध नहीं है।
फिलहाल प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है। शहर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस एवं प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है।

See also  बस्ती- एसपी ने किया थाना का वार्षिक निरीक्षण, दिए आवश्यक निर्देश

Author Profile

बलराम
बलराम

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *