
दैनिक प्रहरी लाइव न्यूज़
सच के साथ- वाराणसी। सड़क निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से समझौता करने वालों के खिलाफ नगर निगम ने कड़ा रुख अपनाया है। औसानगंज से राजापुरा मान की तकिया (वार्ड संख्या-73) तक निर्मित सीसी रोड के निरीक्षण में गंभीर तकनीकी खामियां पाए जाने पर नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने संबंधित ठेकेदार के 25 प्रतिशत भुगतान पर रोक लगाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही निर्माण एजेंसी को ब्लैकलिस्ट किए जाने की चेतावनी भी दी गई है। नगर निगम को सड़क निर्माण की गुणवत्ता को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही थीं। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए नगर आयुक्त ने स्वयं मामले का संज्ञान लिया और निर्माण कार्य का निरीक्षण कराया। जांच के दौरान सड़क की सतह से अत्यधिक धूल उड़ने, निर्माण स्थल पर प्लास्टिक एवं अन्य अवांछित सामग्री के अवशेष मिलने जैसी कई अनियमितताएं सामने आईं। इससे स्पष्ट हुआ कि निर्माण कार्य में निर्धारित तकनीकी मानकों और गुणवत्ता संबंधी नियमों का समुचित पालन नहीं किया गया। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने कहा कि प्रथम दृष्टया यह अनुबंध की शर्तों के उल्लंघन तथा निर्माण गुणवत्ता में गंभीर कमी का मामला प्रतीत होता है। उन्होंने सड़क निर्माण की विस्तृत तकनीकी जांच किसी सक्षम समिति अथवा थर्ड पार्टी एजेंसी से कराने के निर्देश दिए हैं। जांच पूरी होने तक ठेकेदार का अंतिम भुगतान भी पूरी तरह स्थगित रहेगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि मामले में केवल ठेकेदार ही नहीं, बल्कि संबंधित विभाग के अभियंताओं एवं अधिकारियों की भूमिका की भी जांच की जाएगी। यदि पर्यवेक्षण में लापरवाही, अनियमितता या उत्तरदायित्वहीनता पाई जाती है तो दोषी अधिकारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी। नगर आयुक्त ने सात दिनों के भीतर विस्तृत जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने दोहराया कि नगर निगम किसी भी निर्माण कार्य में गुणवत्ता से समझौता बर्दाश्त नहीं करेगा और दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
Author Profile

Latest entries
देशOctober 13, 2026पुलिस लाइन बस्ती में ग्राम प्रहरियों के सम्मान समारोह का हुआ सजीव प्रसारण, 325 से अधिक ग्राम चौकीदार रहे मौजूद
समाचारOctober 13, 2026समाजसेविका सुनीति सिंह बनीं जन प्रकृति सेवा ट्रस्ट महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष
समाचारOctober 12, 2026भारत सेवाश्रम संघ के शताब्दी वर्ष पर जंगमबाड़ी व्यापार मंडल ने पेश की सेवा की मिसाल।
समाचारOctober 12, 2026शारदीय नवरात्रि के दूसरे दिन की हार्दिक शुभकामनाएँ
