October 14, 2026
FB_IMG_1780716539674

जौनपुर। चर्चित दूल्हा हत्याकांड मामले में शुक्रवार को एक अहम घटनाक्रम सामने आया। मामले से जुड़ी प्रमुख पक्षकार सौम्या और उनके परिवार को प्रशासन की ओर से वाहन भेजकर डाक बंगले बुलाया गया, जहां कई घंटे तक प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और परिवार के सदस्यों के बीच विस्तृत वार्ता हुई।
सूत्रों के अनुसार, प्रदेश सरकार के प्रभारी मंत्री एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा के जनपद आगमन को लेकर दिनभर चर्चाओं का दौर चलता रहा। इसी क्रम में शाम के समय सौम्या और उनके परिजनों को डाक बंगले लाया गया। वहां पहले से मौजूद अधिकारियों के साथ बैठक शुरू हुई। कुछ समय बाद मंत्री गिरीश यादव भी पहुंचे। इसके बाद भदोही सांसद विनोद बिंद ने भी बैठक में हिस्सा लिया। उल्लेखनीय है कि सांसद विनोद बिंद ने हाल ही में सौम्या और उनके परिवार की मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कराई थी।
बैठक में जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन, पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह, एडीएम (वित्त), एसडीएम सदर, एसडीएम शाहगंज समेत कई वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। करीब दो घंटे तक चली इस वार्ता में मामले की जांच, आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई तथा पीड़ित पक्ष की विभिन्न मांगों पर चर्चा हुई।
बैठक समाप्त होने के बाद जब सौम्या बाहर निकलीं तो उनके चेहरे पर मायूसी साफ दिखाई दी। मीडिया से बातचीत में उन्होंने बताया कि प्रशासनिक अधिकारियों के साथ कार्रवाई की प्रगति और आरोपियों के मकानों पर संभावित कार्रवाई सहित कई मुद्दों पर चर्चा हुई है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस को लेकर पूछे गए सवाल पर सौम्या ने स्पष्ट कहा कि वह अपने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार शनिवार सुबह 10 बजे अपने आवास पर प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगी। हालांकि वार्ता के दौरान किन मुद्दों पर सहमति बनी और किन पर मतभेद बरकरार रहे, इस बारे में उन्होंने खुलकर कुछ नहीं कहा।
बैठक के बाद सौम्या अपने परिवार और सुरक्षा कर्मियों के साथ गांव के लिए रवाना हो गईं। वहीं डाक बंगले परिसर में देर रात तक प्रशासनिक गतिविधियां जारी रहीं।
अब पूरे जनपद की निगाहें शनिवार सुबह होने वाली सौम्या की प्रेस कॉन्फ्रेंस पर टिकी हैं। माना जा रहा है कि इस दौरान मामले से जुड़े कुछ महत्वपूर्ण खुलासे या नई मांगें सामने आ सकती हैं।

See also  बस्ती- एसपी ने किया थाना का वार्षिक निरीक्षण, दिए आवश्यक निर्देश

Author Profile

बलराम
बलराम

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *