October 14, 2026
FB_IMG_1779946039117

बस्ती। पैड़ा धाम के महंथ गोविन्द दास महाराज उर्फ “पैड़ा वाले बाबा” की तबीयत में सुधार होने के बाद उन्हें केजीएमयू अस्पताल लखनऊ से डिस्चार्ज कर दिया गया है। डॉक्टरों द्वारा 15 दिन की दवा दिए जाने के बाद बाबा ने अपने संकल्प के अनुसार पुनः बागेश्वर धाम के लिए पदयात्रा शुरू कर दी है। बाबा के स्वस्थ होकर वापस यात्रा पर निकलने की खबर से श्रद्धालुओं और समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई है।
ज्ञात हो कि पैड़ा वाले बाबा ने 05 मई को बस्ती स्थित पैड़ा धाम से बागेश्वर धाम सरकार तक पैदल यात्रा शुरू की थी। इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य सनातन धर्म के प्रचार-प्रसार का संदेश जन-जन तक पहुंचाना है। बाबा ने इसे धर्म जागरण, सामाजिक एकता और आस्था की यात्रा बताया था।
पदयात्रा के दौरान सुल्तानपुर के आसपास कुछ अज्ञात लोगों द्वारा बाबा को जबरन जहरीला पदार्थ खिलाए जाने की बात सामने आई थी। सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंचे तथा बाबा को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए केजीएमयू लखनऊ रेफर किया गया, जहां करीब एक सप्ताह तक उनका उपचार चला। समय पर इलाज मिलने और भगवान की कृपा से बाबा की जान बच गई।
स्वस्थ होने के बाद पैड़ा वाले बाबा ने मीडिया से फोन पर बातचीत में बताया कि अब उनकी तबीयत ठीक है और वह अपने संकल्प को पूरा करने के लिए पुनः पदयात्रा पर निकल चुके हैं। उन्होंने कहा कि यह यात्रा सनातन धर्म की अलख जगाने और समाज में भाईचारा एवं सौहार्द का संदेश देने के लिए समर्पित है।
बाबा के इस धार्मिक अभियान को लेकर क्षेत्र में भारी उत्साह देखा जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस यात्रा से समाज में धार्मिक जागरूकता के साथ-साथ सामाजिक एकता भी मजबूत होगी। बाबा ने अपने संदेश में कहा कि “बस्ती में सनातन का झंडा लहराएगा और धर्म की अलख हर घर तक पहुंचेगी।”
श्रद्धालुओं और समर्थकों द्वारा बाबा के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ के लिए लगातार प्रार्थनाएं की जा रही थीं। अब बाबा के स्वस्थ होकर दोबारा यात्रा शुरू करने से उनके अनुयायियों में नया उत्साह देखने को मिल रहा है।

See also  तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने बाइक को मारी जोरदार टक्कर, युवक गंभीर घायल

Author Profile

बलराम
बलराम

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *