
पूर्णिमा पर उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, फूल बंगले में विराजमान होकर गिरिराज जी ने दिए भक्तों को दर्शन
गोवर्धन (मथुरा)। पुरुषोत्तम मास की पूर्णिमा के पावन अवसर पर गोवर्धन धाम में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। अपने आराध्य गिरिराज महाराज की परिक्रमा करने के लिए दूर-दूर से आए भक्तों ने भजन-कीर्तन और जयकारों के बीच पूजा-अर्चना कर मनौतियां मांगीं। श्रद्धा और भक्ति का ऐसा अद्भुत संगम देखने को मिला कि परिक्रमा मार्ग पर पैर रखने तक की जगह नहीं बची।
सुबह श्रद्धालुओं ने मानसी गंगा में स्नान कर मुकुट मुखारविंद एवं मानसी गंगा पर गिरिराज जी का अभिषेक एवं पूजन किया। राधे बाबा गोलोक धाम के पीठाधीश्वर कन्हैया बाबा महाराज के सानिध्य में मंदिर के रिसीवर कपिल चतुर्वेदी ने गुलाब जल, गंगाजल एवं रबड़ी से गिरिराज महाराज का महाअभिषेक किया।
पुरुषोत्तम मास के उपलक्ष्य में मंदिर परिसर को रंग-बिरंगी रोशनी एवं आकर्षक सजावट से भव्य रूप दिया गया। श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण भी किया गया।
सायंकाल ठाकुर जी ने रत्नों से सुशोभित पीले रंग की मनोहारी पोशाक धारण कर फूल बंगले में विराजमान होकर भक्तों को दर्शन दिए। इस दौरान गिरिराज भगवान को छप्पन भोग अर्पित किया गया। अलौकिक श्रृंगार एवं भव्य झांकी के दर्शन कर श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे।
मंदिर परिसर में शहनाई वादन और भजनों की मधुर धुनों पर भक्त नृत्य करते नजर आए। सायं आरती में भारी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। वहीं दानघाटी मंदिर, हर गोकुल मंदिर, राधाकुंड, श्यामकुंड, गोविंदकुंड, सुरभि कुंड और जतीपुरा सहित विभिन्न धार्मिक स्थलों पर भी श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना की।
श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा के लिए मंदिर प्रशासन द्वारा व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं। साफ-सफाई, पेयजल, सुरक्षा एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
Author Profile

Latest entries
देशOctober 13, 2026पुलिस लाइन बस्ती में ग्राम प्रहरियों के सम्मान समारोह का हुआ सजीव प्रसारण, 325 से अधिक ग्राम चौकीदार रहे मौजूद
समाचारOctober 13, 2026समाजसेविका सुनीति सिंह बनीं जन प्रकृति सेवा ट्रस्ट महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष
समाचारOctober 12, 2026भारत सेवाश्रम संघ के शताब्दी वर्ष पर जंगमबाड़ी व्यापार मंडल ने पेश की सेवा की मिसाल।
समाचारOctober 12, 2026शारदीय नवरात्रि के दूसरे दिन की हार्दिक शुभकामनाएँ
