
दैनिक प्रहरी लाइव न्यूज़ संवाददाता- बलराम निषाद वाराणसी-भेलूपुर थाना क्षेत्र में युवती को शादी के लिए दबाव बनाने और कथित रूप से आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में पुलिस ने नामजद अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। कमिश्नरेट पुलिस की इस कार्रवाई को महिला सुरक्षा के प्रति संवेदनशीलता और त्वरित पुलिसिंग का उदाहरण माना जा रहा है।
पुलिस आयुक्त के निर्देश पर अपराध नियंत्रण एवं महिला संबंधी अपराधों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना भेलूपुर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी अनुकेश तिवारी उर्फ हर्ष तिवारी को गिरफ्तार किया। आरोपी की गिरफ्तारी नूर नगर कब्रिस्तान के पास से की गई।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता के परिजनों ने आरोप लगाया था कि आरोपी लगातार युवती पर शादी का दबाव बना रहा था। विवाह से इंकार करने पर वह उसे धमकियां देता था और मानसिक रूप से प्रताड़ित करता था। परिजनों का आरोप है कि इसी दबाव और प्रताड़ना से परेशान होकर युवती ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना भेलूपुर में मु0अ0सं0 0326/2026 के तहत धारा 108 भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) 2023 में मुकदमा दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू की और उसे गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान अनुकेश तिवारी उर्फ हर्ष तिवारी पुत्र चंदन तिवारी, निवासी किरहिया, खोजवां दाहा चौक, थाना भेलूपुर, वाराणसी के रूप में हुई है। उसकी उम्र लगभग 19 वर्ष बताई गई है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
इस सफल कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक दुर्गा सिंह, खोजवा चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक मनोज कुमार चौहान, हेड कांस्टेबल करुणानिधान तथा कांस्टेबल सौरभ कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। विशेष रूप से चौकी प्रभारी मनोज कुमार चौहान की सक्रिय निगरानी, सूचना संकलन और त्वरित कार्रवाई की स्थानीय लोगों ने सराहना की है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है तथा सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। जांच में प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। कमिश्नरेट पुलिस ने स्पष्ट किया है कि महिलाओं और युवतियों के खिलाफ होने वाले अपराधों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी और दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
Author Profile

Latest entries
देशOctober 13, 2026पुलिस लाइन बस्ती में ग्राम प्रहरियों के सम्मान समारोह का हुआ सजीव प्रसारण, 325 से अधिक ग्राम चौकीदार रहे मौजूद
समाचारOctober 13, 2026समाजसेविका सुनीति सिंह बनीं जन प्रकृति सेवा ट्रस्ट महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष
समाचारOctober 12, 2026भारत सेवाश्रम संघ के शताब्दी वर्ष पर जंगमबाड़ी व्यापार मंडल ने पेश की सेवा की मिसाल।
समाचारOctober 12, 2026शारदीय नवरात्रि के दूसरे दिन की हार्दिक शुभकामनाएँ
